मैक्स अस्पताल, गुरुग्राम, के डॉक्टरों ने बिना सर्विक्स और योनि के जन्मी युवती की दुर्लभ रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की

मैक्स अस्पताल, गुरुग्राम, के डॉक्टरों ने बिना सर्विक्स और योनि के जन्मी युवती की दुर्लभ रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की

गुरुग्राम, जुलाई, 24, 2026: मैक्स हॉस्पिटल, गुरुग्राम के डॉक्टरों ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो की 18-वर्षीय युवती की सफलतापूर्वक दुर्लभ रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया। युवती जन्म से ही गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) और योनि के बिना पैदा हुई थी। जटिल सर्जरी के माध्यम से डॉक्टरों ने सर्विक्स और योनि का निर्माण कर मेंस्ट्रुअल फ्लो के लिए प्राकृतिक मार्ग तैयार किया। इससे वर्षों से असहनीय दर्द झेल रही युवती को राहत मिली। इससे पहले अपने देश में वह चार ऑपरेशन करा चुकी थी, जो कि असफल रहे।


युवती को किशोरावस्था से ही हर महीने पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द होता था, लेकिन कभी मेंस्ट्रुअल फ्लो नहीं हुआ। उसके शरीर का सामान्य विकास हुआ था, हार्मोन भी सामान्य थे और अन्य सभी अंग सामान्य रूप से कार्य कर रहे थे। इसके बावजूद मेंस्ट्रुअल फ्लो न आने (प्राइमरी अमेनोरिया) की समस्या का सही कारण वर्षों तक पता नहीं चल सका। 


इलाज के प्रयास में उसके देश में चार बार ओपन सर्जरी की गई, जिनमें अपेंडिक्स का ऑपरेशन, हर्निया की सर्जरी, दोबारा हर्निया का ऑपरेशन तथा सर्विक्स बनाने का असफल प्रयास शामिल था। इसके बावजूद उसकी समस्या बनी रही। इन सर्जरी के कारण उसके पेट पर कई निशान पड़ गए थे और एक बड़ा उभरा हुआ स्थायी निशान (कीलोइड) भी बन गया था।


बेहतर इलाज की उम्मीद में युवती अपने परिवार के साथ भारत आई और मैक्स हॉस्पिटल, गुरुग्राम में आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी विभाग की प्रिंसिपल डायरेक्टर एवं यूनिट हेड - डॉ. सुमन लाल से परामर्श लिया। विस्तृत जांच और आधुनिक इमेजिंग के बाद पता चला कि वह सर्विकोवैजाइनल एजेनेसिस नामक अत्यंत दुर्लभ जन्मजात विकार से पीड़ित है। इस स्थिति में यूट्रस और ओवरी सामान्य रूप से विकसित होते हैं, लेकिन गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) और योनि का विकास नहीं हो पाता। 


इस वजह से, उसकी ओवरी सामान्य रूप से काम कर रही थीं और हर महीने मेंस्ट्रुअल फ्लो भी हो रहा था, लेकिन खून शरीर से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। इससे मेंस्ट्रुअल फ्लो का खून यूट्रस में जमा होने लगा, जिससे उसे बार-बार तेज दर्द होता था। समय पर इलाज न मिलने पर संक्रमण, एंडोमेट्रियोसिस और भविष्य में मां बनने में दिक्कत जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा भी था। 


मैक्स हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने जटिल सर्विको-वैजिनोप्लास्टी सर्जरी कर नई योनि और और गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) में नया रास्ता तैयार किया, ताकि यूट्रस से मेंस्ट्रुअल फ्लो का खून सामान्य रूप से बाहर निकल सके। सर्जरी के बाद बेहतर रिकवरी और नए मार्ग को सुरक्षित रखने के लिए अस्थायी रूप से विशेष वैजाइनल मोल्ड और सर्वाइकल कैथेटर लगाए गए। 


डॉ. सुमन लाल, प्रिंसिपल डायरेक्टर एवं यूनिट हेड, आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी विभाग, मैक्स हॉस्पिटल, गुरुग्राम ने कहा, "यह हमारे सामने आए सबसे चुनौतीपूर्ण मामलों में से एक था। मरीज के यूट्रस और ओवरी पूरी तरह सामान्य थे, लेकिन जन्म से सर्विक्स और योनि नहीं थे, जिसके कारण मेंस्ट्रुअल फ्लो का रक्त बाहर नहीं निकल पा रहा था। वह पहले ही चार सर्जरी करा चुकी थी, लेकिन सही बीमारी का पता नहीं चल पाया था। हमारा उद्देश्य केवल उनका दर्द कम करना नहीं था, बल्कि उनकी प्रजनन नलिका (रिप्रोडक्टिव ट्रैक्ट) का पुनर्निर्माण करना और गर्भाशय को सामान्य रूप से काम करने योग्य बनाए रखना भी था। इस तरह की जटिल सर्जरी के लिए गहन योजना, विशेषज्ञ सर्जिकल कौशल और कई विशेषज्ञों की टीम के समन्वित प्रयास की आवश्यकता होती है, ताकि मरीज को सफल इलाज मिल सके।"

   

सर्जरी के बाद मरीज की लगातार निगरानी की गई। ऑपरेशन के आठ दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 18 दिन बाद नियोजित जांच के लिए दोबारा भर्ती किया गया, जिसमें ऑपरेशन वाली जगह पर हल्का संक्रमण और थोड़ा तरल पदार्थ जमा मिला। डॉक्टरों ने तुरंत एंटीबायोटिक उपचार शुरू किया और अल्ट्रासाउंड सहित नियमित निगरानी के बाद संक्रमण पूरी तरह समाप्त होने पर अगले दिन स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दे दी। 


सर्जरी के लगभग तीन सप्ताह बाद युवती तेजी से स्वस्थ हो रही थी और उसकी सर्जरी से बनाए गए अंग ठीक तरह से स्वस्थ हो रहे थे। इलाज से संतुष्ट होकर उसने और उसके परिवार ने डॉक्टरों की टीम का धन्यवाद किया और इसके बाद वे डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो वापस लौट गए। 


डॉ. सुमन लाल ने कहा कि यदि किसी किशोरी में सामान्य शारीरिक विकास होने के बावजूद मेंस्ट्रुअल फ्लो शुरू नहीं होता या हर महीने पेट में तेज दर्द रहता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और सही उपचार से बार-बार ऑपरेशन, लंबे समय तक दर्द और भविष्य में प्रजनन संबंधी गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। 


यह सफल सर्जरी जटिल जन्मजात स्त्री रोग संबंधी विकारों के उपचार में उन्नत रिकंस्ट्रक्टिव गायनेकोलॉजिकल सर्जरी की क्षमता को दर्शाती है और मैक्स हॉस्पिटल, गुरुग्राम की देश-विदेश के मरीजों को विश्वस्तरीय, विशेषज्ञ एवं मरीज-केंद्रित उपचार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।

Close Menu

💡 Enjoying the content?

For getting latest content, Please Follow us.

Follow Us