धुंधला दिखना हमेशा आंखों की समस्या नहीं, दिमाग से जुड़ी बीमारी का भी हो सकता है संकेत

धुंधला दिखना हमेशा आंखों की समस्या नहीं, दिमाग से जुड़ी बीमारी का भी हो सकता है संकेत

रेवाड़ी: धुंधला दिखाई देने पर अक्सर लोग इसे आंखों की थकान, ज्यादा देर स्क्रीन देखने या चश्मे का नंबर बदलने से जोड़ते हैं। हालांकि, कई बार इसके पीछे दिमाग, ऑप्टिक नर्व या दिमाग तक खून पहुंचाने वाली नसों से जुड़ी समस्या भी हो सकती है। ऐसे में अचानक या लगातार धुंधला दिखने को नजरअंदाज करना गंभीर हो सकता है। 


मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, द्वारका के स्पाइन एंड न्यूरोसर्जरी विभाग के वाइस चेयरमैन एवं यूनिट हेड, डॉ. अरुण सरोहा ने बताया, “आंखें चीजें देखने में मदद करती हैं, लेकिन जो दिखाई देता है, उसे समझने का काम दिमाग करता है। इसलिए अचानक नजर धुंधली होना, दो दो चीजें दिखाई देना या नजर के किसी हिस्से में अंधेरा छाना हमेशा आंखों की समस्या नहीं होती। कुछ मामलों में ये दिमाग से जुड़ी गंभीर बीमारी के संकेत हो सकते हैं, जिनमें तुरंत जांच जरूरी है।” 


अचानक धुंधला दिखना स्ट्रोक का संकेत हो सकता है। स्ट्रोक में दिमाग के किसी हिस्से तक खून पहुंचना रुक जाता है, जिससे वहां के सेल्स को ऑक्सीजन नहीं मिल पाता। इसके साथ चेहरे का एक तरफ झुकना, हाथ-पैर में कमजोरी, बोलने में परेशानी या संतुलन बिगड़ना भी हो सकता है। 

दिमाग में ट्यूमर होने पर भी नजर पर असर पड़ सकता है। ऑप्टिक नर्व या देखने से जुड़े दिमाग के हिस्सों के पास ट्यूमर होने पर धीरे-धीरे धुंधला दिखने की समस्या बढ़ सकती है। इसके साथ लगातार सिरदर्द, जी मिचलाना, संतुलन बिगड़ना या याददाश्त और व्यवहार में बदलाव भी हो सकते हैं।  


दिमाग के अंदर दबाव बढ़ने पर भी नजर धुंधली हो सकती है। ऐसा दिमाग में ट्यूमर, संक्रमण, ब्लीडिंग या कुछ अन्य न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के कारण हो सकता है। ऐसे मामलों में सिरदर्द, सुबह के समय ज्यादा परेशानी, उल्टी या कुछ समय के लिए नजर चले जाने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

ऑप्टिक नर्व में सूजन होने पर भी देखने में परेशानी हो सकती है। इस स्थिति को ऑप्टिक न्यूराइटिस कहते हैं। इसमें नजर अचानक कमजोर हो सकती है, धुंधला दिखाई दे सकता है या आंखों को घुमाने पर दर्द हो सकता है।          


माइग्रेन भी नजर से जुड़ी परेशानियों का एक कारण है। कुछ लोगों को सिरदर्द शुरू होने से पहले या उसके दौरान आंखों के सामने चमकती रोशनी, धब्बे, टेढ़ी-मेढ़ी लकीरें या कुछ समय के लिए धुंधला दिखाई दे सकता है। ये लक्षण अक्सर कुछ समय बाद ठीक हो जाते हैं, लेकिन बार-बार ऐसा होने पर डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

Close Menu

💡 Enjoying the content?

For getting latest content, Please Follow us.

Follow Us