अकलेशिया कार्डिया: जब भोजन निगलना हो जाता है मुश्किल, जानें इसके लक्षण और इलाज

अकलेशिया कार्डिया: जब भोजन निगलना हो जाता है मुश्किल, जानें इसके लक्षण और इलाज

मेरठ - अकलेशिया कार्डिया फूड पाइप से जुड़ी एक दुर्लभ बीमारी है, जिसमें व्यक्ति को खाना और पानी निगलने में परेशानी होती है। सामान्य रूप से भोजन नली की मांसपेशियां सिकुड़ती और फैलती हैं, जिससे खाना आसानी से पेट तक पहुंच जाता है। लेकिन इस बीमारी में भोजन नली की मांसपेशियां ठीक से काम नहीं करतीं और पेट के प्रवेश द्वार पर मौजूद मांसपेशियां भी पूरी तरह ढीली नहीं हो पातीं। इसके कारण खाना पेट तक पहुंचने में रुकावट महसूस होती है। 


मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, साकेत के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के वाइस चेयरमैन एवं हेड डॉ. विकास सिंगला ने बताया कि "इस बीमारी का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है। कुछ वायरल संक्रमण इसके संभावित कारणों में शामिल माने जाते हैं।इस बीमारी के प्रमुख लक्षणों में ठोस भोजन और पानी निगलने में परेशानी, खाना गले या छाती में अटकने का एहसास, खाया हुआ भोजन वापस मुंह में आना, रात में खांसी, बार-बार छाती में संक्रमण और वजन कम होना शामिल हैं। कई बार भोजन या पानी सांस की नली में चला जाता है, जिससे फेफड़ों में संक्रमण हो सकता है। इन लक्षणों को नजरअंदाज करने से बीमारी की पहचान में देरी हो सकती है।" 


डॉ. सिंगला के अनुसार, "बीमारी की पुष्टि के लिए एंडोस्कोपी, भोजन नली की मांसपेशियों और दबाव की जांच (मैनोमेट्री) तथा बेरियम स्वैलो टेस्ट किया जाता है। इन जांचों से भोजन नली की स्थिति और भोजन के पेट तक पहुंचने में होने वाली रुकावट का पता चलता है।" 


इलाज के लिए दवाइयों के अलावा POEM नाम की आधुनिक प्रक्रिया, बैलून से मांसपेशियों को फैलाना, बोटुलिनम टॉक्सिन का इंजेक्शन और सर्जरी जैसे विकल्प मौजूद हैं।  POEM   में मुंह के रास्ते उपकरण डालकर भोजन नली के कसे हुए हिस्से की मांसपेशियों को ढीला किया जाता है। सही इलाज का चुनाव मरीज की स्थिति के अनुसार किया जाता है।

Close Menu

💡 Enjoying the content?

For getting latest content, Please Follow us.

Follow Us